- रोजाना नौ टैंकर से हो रही जलापूर्ति, अस्थायी राहत से कामकाज सुचारू
जमशेदपुर : डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में पानी की कमी को देखते हुए नगर निगम द्वारा टैंकर से जलापूर्ति की व्यवस्था लगातार जारी है। बुधवार को निगम की ओर से अस्पताल परिसर में कुल नौ टैंकर पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे दैनिक कार्यों में आ रही बाधाओं को काफी हद तक कम किया जा सका। पानी की किल्लत के कारण मरीजों, वार्डों और साफ-सफाई से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि टैंकर से मिल रही आपूर्ति के बाद स्थिति नियंत्रण में है और जरूरी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो पा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी में बंद पड़ी केबल कंपनी परिसर में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
स्थायी समाधान के लिए विभाग को लिखा गया पत्र
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल नगर निगम की ओर से प्रतिदिन टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समस्या का आंशिक समाधान हुआ है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था अस्थायी है और स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दीर्घकालिक समाधान के बिना भविष्य में फिर से जल संकट उत्पन्न हो सकता है। प्रशासन को उम्मीद है कि विभागीय स्तर पर शीघ्र निर्णय लेकर अस्पताल में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।