- पहले अधूरा फ्लाईओवर पूरा करने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
- व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से करेगा मुलाकात
जमशेदपुर : मंगलवार को मानगो बड़ा हनुमान मंदिर के समीप न्यू पुरुलिया रोड के दुकानदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य केंद्र पायल टॉकीज छोर पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण और उससे व्यापार पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों की चर्चा रहा। दुकानदारों ने एक स्वर में कहा कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान सड़क को पूरी तरह बंद करने का निर्णय व्यापार के लिए बेहद हानिकारक होगा, जिससे ग्राहकों की आवाजाही रुक जाएगी और उनकी दुकानदारी पर गहरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पहले से जारी निर्माण कार्यों के कारण क्षेत्र में यातायात अव्यवस्थित हो चुका है और उसी स्थिति में नए निर्माण की शुरुआत करना जनहित और व्यापार दोनों के लिए अनुचित है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur/Ghatsila : कृषक–वैज्ञानिक अंतर्मिलन कार्यक्रम शुरू, किसानों को दी गई रबी फसलों एवं कृषि तकनीक की विशेष जानकारी
व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव की आशंका तेज
बैठक के दौरान सभी व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पिछले कई वर्षों से शुरू किए गए फ्लाईओवर और सड़क निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे पूरे मानगो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त है। दुकानदारों ने कहा कि आने-जाने वाले ग्राहकों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव व्यापार पर पड़ रहा है। व्यापारियों का मानना है कि पहले डिमना रोड फ्लाईओवर सहित अन्य अधूरे कार्यों को पूरा किया जाए, जिससे यातायात सामान्य हो सके। इसके उपरांत ही नए फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने प्रस्तावित निर्माण डिजाइन पर भी पुनर्विचार की मांग की और कहा कि सड़क को पूरी तरह बंद करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत 23 पंचायत और 3 नगर निकाय में लगे शिविर, अब तक मिले 15,443 आवेदन
अधूरे निर्माण और जाम के कारण व्यापारी परेशान
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दुकानदार संयुक्त रूप से अपनी मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे। यदि आवश्यकता पड़ी तो एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से मुलाकात कर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराएगा। क्षेत्र के विभिन्न कॉम्प्लेक्स और टावर जैसे आकाश गंगा, अर्जुन टावर, राकेश टावर, नरीनकर टावर, अर्जुन इंक्लेव और शक्ति नालंदा टावर के निवासी भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में राजेश श्रीवास्तव, आकाश शाह, सचिन अग्रवाल, अजय चौधरी, संजय सावा, विकास अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, ईशान पात्रा, पंकज अगीवाल, राजा जयसवाल, सन्नी कौरा, साजन कौरा, बबलू कौरा, नवल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। सभी ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण जनहित में हो, लेकिन उसकी योजना और प्रक्रिया ऐसी हो जो व्यापार और यातायात दोनों को प्रभावित न करे।




















































