- भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और नई ऊर्जा का क्षण
- कार्यकर्ताओं की आस्था और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक चयन
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चयन को संगठन के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह चयन केवल एक पद की प्राप्ति नहीं है, बल्कि यह करोड़ों कार्यकर्ताओं के विश्वास, परिश्रम और समर्पण की जीत है। काले ने कहा कि नितिन नवीन एक समर्पित, कर्मठ और जमीनी नेता हैं, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को सर्वोपरि रखा है। उनका निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि पार्टी का हर वर्ग उनके नेतृत्व पर पूर्ण भरोसा करता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल, जमशेदपुर में UFBU का बैच बेयरिंग कार्यक्रम आयोजित
संघर्ष, सादगी और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल
अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि नितिन नवीन का जीवन संघर्ष, सादगी और सतत परिश्रम की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। काले ने कहा कि मुझ जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं को उनके नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। उन्होंने नितिन नवीन को हृदय से बधाई देते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि यह क्षण प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व, उत्साह और प्रेरणा से भर देने वाला है।