- शॉर्ट सर्किट से लगी आग, पटाखों के धमाकों से मचा हड़कंप
- आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी
आदित्यपुर : सोमवार देर रात आदित्यपुर के एस टाइप चौक पर भीषण आगजनी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आई टाइप ब्लॉक के समीप स्थित ‘बाबू पान दुकान’ सहित दो दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। यह घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। रात का समय होने के कारण दुकानें बंद थीं, जिससे आग की सूचना समय पर किसी को नहीं मिल सकी। आग की लपटें उठते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुरी खेल मैदान में 55वीं फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, मुंडा ब्रदर्स बनी चैंपियन
पटाखों के धमाकों से आग ने लिया विकराल रूप

बताया गया कि दुकान के अंदर रखे पटाखों ने अचानक आग पकड़ ली, जिसके बाद तेज-तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। पटाखों के फटने से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई देने लगीं और धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग इतनी भयावह थी कि पास में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर तक लपटें पहुंचने लगीं, लेकिन समय रहते दमकल विभाग ने ट्रांसफार्मर को बचा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमएमसी के वार्ड 34 से विशाल सिंह ने दाखिल किया नामांकन, कहा सिविल सोसायटी के हित सर्वोपरी
दमकल की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
आग की सूचना मिलते ही एस टाइप क्षेत्र के निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजीव उर्फ बबुआ सिंह मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग व स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पहले एक दमकल गाड़ी पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दूसरी दमकल गाड़ी भी मंगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
There is no ads to display, Please add some



















































