जमशेदपुर: आज साकची स्थित समाहरणालय भवन में मोंथा चक्रवात के मध्येनजर बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के साथ आयोजित हुई इस बैठक में चक्रवात से निपटने के उपायों पर चर्चा हुई.
बैठक में मोंथा चक्रवात से जानमाल की सुरक्षा को सुनिश्चित करने, आश्रय गृहों को चिन्हित करने, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, एवं जर्जर सरकारी भवनों आदि पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार मोंथा चक्रवात के जिले में प्रवेश के कारण अगले 2-3 दिनों तक तेज हवा एवं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उन्होने सभी नगर निकाय, प्रखंड तथा अंचल के क्षेत्रीय पदाधिकारियों सतर्क रहने की चेतावनी दी. उपायुक्त ने पदाधिकारियों को जन सुरक्षा को लेकर व्यापक कदम उठाने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर जानमाल का नुकसान नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों की जांच कर ऐसे भवनों की सूची तैयार करने को कहा जिनकी छतें जर्जर हैं। उन्होंने जर्जर सरकारी भवनों को तुरंत सील करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
साथ ही, तेज हवा या बारिश से किसी भी नागरिक के घर या फसल को क्षति होने पर तत्काल रिपोर्ट तैयार कर उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अतिरिक्त एंबुलेंस को ऑन-कॉल रखने और सोशल मीडिया व माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को इलाज के लिए देर न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता लागू होने के कारण उपायुक्त ने कहा कि राजनीतिक दल यदि राहत कार्य में सहयोग करना चाहें तो उन्हें जिला प्रशासन के माध्यम से ही सहायता पहुंचानी होगी। उन्होंने बिजली पोल, झूलते तार और पेड़ों की मरम्मती कार्य को तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में स्थानीय स्तर पर कमांड सेंटर बनाए जाएं, जहां गोताखोर, रस्सी, लाइफ जैकेट और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति में अधिकारी तुरंत प्रतिक्रिया दें।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीईओ, डीएसई, भवन, विद्युत विभाग के अभियंता, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधि मौजूद रहे, बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े ।


















































