झाड़ग्राम: झाड़ग्राम जिले के संकराइल प्रखंड के बकड़ा इलाके में चल रहे बहुचर्चित भूमि धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी समीर महतो को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात संकराइल थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर खड़गपुर के पलझारी क्षेत्र से उसे दबोच लिया। समीर महतो मानिकपाड़ा चौकी के छोटो चुयाशुली गांव का निवासी है।
बुधवार को आरोपी को झाड़ग्राम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायाधीश ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर महतो लंबे समय से सक्रिय भूमि धोखाधड़ी गिरोह का हिस्सा था। वह फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराने में अहम भूमिका निभाता था।
इससे पहले इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नई गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
आरोप है कि बकड़ा इलाके में लगभग 125 परिवारों की करीब 400 एकड़ जमीन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरों के नाम पर दर्ज कर दी गई थी। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।