गुरदासपुर : भारी बारिश और बाढ़ से तबाह हिमाचल प्रदेश और पंजाब की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दोनों राज्यों का दौरा करेंगे। पीएम मोदी दोपहर करीब 1:20 बजे विशेष विमान से गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 1:30 से 2:15 बजे तक होने वाली बैठक में नुकसान की समीक्षा होगी। इसके बाद पीएम चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
पीएम के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिमाचल पुलिस के करीब 400 जवान तैनात रहेंगे और ड्रोन से भी निगरानी होगी। कांगड़ा जिला को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान पैराग्लाइडिंग और अन्य हवाई गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
पंजाब में सर्वेक्षण और बैठक
हिमाचल के बाद पीएम मोदी दोपहर 3 बजे पंजाब पहुंचेंगे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। शाम करीब 4 बजे गुरदासपुर में वे वरिष्ठ अधिकारियों और राहत बचाव एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे। पीएम बाढ़ प्रभावित परिवारों और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आपदा मित्र टीम से भी मुलाकात करेंगे।
राहत पैकेज की मांग
पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री से 20 हजार करोड़ रुपये के अंतरिम राहत पैकेज की मांग की है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य को बड़े पैमाने पर मदद की जरूरत है। साथ ही, उन्होंने 60 हजार करोड़ रुपये का पुराना बकाया रिलीज करने की भी मांग की। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने भी केंद्र से राहत पैकेज की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : Vice President Election: आज होगा उपराष्ट्रपति चुनाव, NDA उम्मीदवार C.P. राधाकृष्णन की बढ़त पक्की