- कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से एमडीए अभियान की शुरुआत
- विधायक ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया अभियान का उद्घाटन
पोटका : राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीए) का शुभारंभ मंगलवार को पोटका प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया और स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर आमजन को जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई। इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि फाइलेरिया यानी हाथी पांव एक गंभीर और कष्टदायक बीमारी है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दो वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करें, ताकि पोटका को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Potka : चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुकांत सीट सम्मानित
25 फरवरी तक चलेगा अभियान, दो लाख से अधिक लोगों को दवा देने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका और सहिया डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को दवा खिलाएंगी। उन्होंने बताया कि पोटका प्रखंड में कुल 2 लाख 6 हजार 733 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गर्भवती महिलाएं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी लोग इस दवा का सेवन कर सकते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सुनील तिर्की, अनामिका कुमारी, पलाश मंडल, तुसार मंडल, देबाशीष भगत, मनोज शर्मा (पिरामल), के.आर. अंजली सहित विद्यालय की वार्डन, शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।