सरायकेला: नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर वन विश्राम घर के सामने स्थित सरकारी शराब दुकान को स्थानांतरित करने के लिए महिला समिति ने अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा।
महिला समिति ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास लोग शराब का सेवन करते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके कारण राहगीरों, बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती है। समिति ने बताया कि घनी आबादी वाले इलाके में शराब दुकान होने से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
नीमडीह अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने कहा कि जन बहुल क्षेत्रों में शराब दुकान नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी शराब दुकानों का स्थान ऐसा होना चाहिए, जिससे समाज में दुष्प्रभाव न पड़े और सामाजिक वातावरण सुरक्षित और स्वच्छ बना रहे। उन्होंने महिलाओं की पहल का स्वागत किया और कहा कि जन बहुल क्षेत्र से शराब दुकान को स्थानांतरित किया जाएगा।
मांगपत्र में आदरडीह पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान, आंगनवाड़ी सेविका और महिला समिति की जयश्री महतो, पुष्पा महतो, सुनीता गोप, पुजा गोप, ललिता महतो, रेखा रानी महतो, लक्ष्मी महतो, उर्मिला महतो, कबिता महतो, दुलाली महतो, प्रमिला महतो, चाइना महतो, संतोषी महतो, रुचिका महतो, गुनमनी कर्मकार, कुलमनी महिला सहित सैकड़ों महिला और पुरुषों के हस्ताक्षर हैं।
इसे भी पढ़ें :



















































