सीनी: सीनी रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा मानव तस्करी रोकने के उद्देश्य से आज एक जागरूकता अभियान चलाया गया. यह अभियान सीनी रेल थाना क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों के बीच आयोजित किया गया. आरपीएफ के थाना प्रभारी अमल कुमार घोष के दिशा-निर्देशों पर यह अभियान शुरू किया गया, जिसमें यात्रियों को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी गई.
जागरूकता के प्रमुख विषय
इस अभियान के तहत सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार यादव ने यात्रियों को मानव तस्करी, बचपन बचाओ अभियान, महिला सुरक्षा, और रेलवे सुरक्षा से संबंधित अन्य मुद्दों पर जागरूक किया. उन्होंने यात्रियों को बताया कि चलती ट्रेन में अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की चीजें न लें, पावदान पर न बैठें, और किसी भी हालत में चलती ट्रेन से न उतरें और न ही चढ़ें. इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि रेल लाइन पार न करें, रेलवे स्टेशन पर गंदगी न फैलाएं, और धूम्रपान करने से बचें.
सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूकता
साथ ही, किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में डायल 139 पर कॉल करने की सलाह दी गई, ताकि यात्रियों को तुरंत सहायता मिल सके. इस अभियान में रेल सुरक्षा बल के हेड कांस्टेबल बालचंद साहु, मनोज कुमार, राकेश मीणा और मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के संघ मित्र रंजन कारूवा, श्रीनिवासन कारूवा भी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : prostitution : जमशेदपुर में देह व्यापार का गोरखधंधा, होटलों में फल-फूल रहा अनैतिक व्यापार