सरायकेला: आगामी पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सरायकेला में खाद्य सुरक्षा को लेकर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभिहित अधिकारी और सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने कांड्रा क्षेत्र की मिठाई दुकानों, होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण की स्थिति और लेबलिंग मानक की जांच की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए और उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यकतानुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य व्यवसायियों के लिए निर्देश
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- सभी प्रतिष्ठान FSSAI लाइसेंस के साथ संचालित हों।
- साफ-सफाई और स्वच्छता का पूर्ण पालन हो।
- केवल ताजा और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री का उपयोग एवं विक्रय करें।
- बासी या एक्सपायर हुई सामग्री तुरंत नष्ट की जाए।
- पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर FSSAI नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी और निर्माता का पता स्पष्ट रूप से अंकित हो।
- केवल FSSAI प्रमाणित फूड कलर और निर्धारित मात्रा में उपयोग हो।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान यह औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
इसे भी पढ़ें :


















































