जमशेदपुर: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता जय प्रकाश पांडेय ने कफ सिरप के नाम पर कोकीन जैसे नशीले पदार्थ मिलाकर किए जा रहे अवैध कारोबार पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देशभर में दवा के नाम पर नशे का अवैध व्यापार तेजी से फैल रहा है, जिस पर केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को तत्काल कठोर कदम उठाने चाहिए।
जय प्रकाश पांडेय ने आरोप लगाया कि यह नशे का कारोबार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा की नाक के नीचे वर्षों से चलता आ रहा है।
उनके अनुसार 100 रुपये की कोकीन मिश्रित कफ सिरप को 500 रुपये में बेचा जा रहा है, जिससे ड्रग माफिया का कारोबार 1000 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दवा के नाम पर नशा बेचने का संगठित नेटवर्क सक्रिय है। दवा कंपनियों पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि कुछ कंपनियाँ कफ सिरप के नाम पर नशे की खपत बढ़ाकर मुनाफाखोरी कर रही हैं।
पांडेय ने केंद्र से मांग की कि ड्रग बनाने वाली कंपनियों की कड़ी जांच हो, इनके मूल्य निर्धारण पर सख्त नियंत्रण रखा जाए, और एक सशक्त निगरानी टीम बनाई जाए, जो कंपनियों की गतिविधियों पर नजर रखे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में मजबूत व्यवस्था के अभाव के कारण ही मेडिकल परीक्षाओं, विशेषकर NEET में भी माफियाओं द्वारा गड़बड़ियां सामने आती रही हैं।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि दवाओं में मिलावट और नशे की दवाओं का अवैध व्यापार समाज को गहरी चोट पहुंचा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को मूकदर्शक होने की बजाय कठोर कदम उठाने चाहिए ताकि मानव समाज को सुरक्षित रखा जा सके।


















































