मुरी : बंता हजाम में सड़क किनारे स्थित जंगलों से पेड़ों की अंधाधुंध कटाई किए जाने और उन्हें चोरी-छिपे बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में छोटे-बड़े पेड़ों को आरी से काटकर जमीन पर छोड़ दिया जाता है और फिर मौका देखकर सुबह-सुबह ट्रैक्टर पर लादकर ले जाया जाता है।
स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में कटे हुए पेड़ों के जमीन पर पड़े होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि पेड़ों की कटाई और उनकी ढुलाई का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब तक इस पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।
इस मामले में वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग को इसकी जानकारी देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पूछे जाने पर विभाग की ओर से जानकारी नहीं होने और मामले को देखकर कार्रवाई करने की बात कही जाती है।
वहीं, इस पूरे मामले में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जंगलों में पेड़ों की अवैध कटाई और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।
अब देखना यह है कि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा जंगलों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
इसे भी पढ़ें : Muri : JLKM की संगठनात्मक बैठक में पार्टी सुप्रीमो के कार्यक्रम को लेकर हुई चर्चा
There is no ads to display, Please add some


















































