रामगढ़: रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत पेंकी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें गांव के निवासी भीम महतो की जान चली गई. बताया गया कि गांव के समीप एक नया पुल बनाया गया है, जहां हाई टेंशन लाइन की तार महज तीन से चार फीट की ऊंचाई पर लटक रही थी. इसी तार के संपर्क में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए. आक्रोशित लोगों ने पैकी–राउता मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मृतक के परिवार को मुआवजा एवं नौकरी की मांग करने लगे.
बिजली विभाग और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग और पुल निर्माण से जुड़ी एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद खतरनाक तरीके से लटके इस तार की सुध किसी ने नहीं ली.
मौके पर पहुंची कुजू पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही कुजू ओपी से एएसआई आशीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा जमीन से काफी नीचे लटक रही हाई टेंशन लाइन के कारण हुआ. उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी इस लापरवाही के लिए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं. गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है.
यह घटना एक बार फिर से सरकारी एजेंसियों की लापरवाही और जमीनी सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है. सवाल यह है कि क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य हादसों की तरह भुला दिया जाएगा?
इसे भी पढ़ें : Jadugora: मनरेगा योजना की जांच रिपोर्ट में देरी, प्रथम अपीलीय अधिकारी तक पहुंचा मामला
There is no ads to display, Please add some


















































