जमशेदपुर : शराब के लिए पैसे मांगने के दौरान देशी कट्टा दिखाकर धमकी देने वाले आरोपी को सुंदरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान सोनाराम किस्कु (54) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जादुगोड़ा के बाड़ामेड़ा का रहने वाला है और वर्तमान में तुरामडीह स्थित यूसील कॉलोनी में रहता है। सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने खुलासा करते हुए बताया कि घटना तब सामने आई जब राजू प्रमाणिक नामक व्यक्ति ने सुंदरनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने शराब के लिए पैसे मांगे और इंकार करने पर कट्टा निकालकर कनपटी पर रख धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को तुरामडीह रेलवे फाटक के पास धर दबोचा। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से देशी कट्टा और पैंट की जेब से चार जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह हथियार और गोली उपेंद्र पात्रो नामक व्यक्ति से दस हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब हथियार बेचने वाले उपेंद्र पात्रो की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल आरोपी सोनाराम किस्कु को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर JDU चिंतित, विनय सिंह हत्याकांड सहित अन्य वारदातों पर SSP को ज्ञापन
There is no ads to display, Please add some



















































