चाईबासा: चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के सदर प्रखंड अंतर्गत बड़ा लागिया में कुकरुबारू से रोरो चौक तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी पुलिया के निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत शिलान्यास हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा ने पूजा अर्चना कर नारियल फोड़कर इस परियोजना की शुरुआत की।
ग्रामीणों में उत्साह और उम्मीद की लहर
सड़क और पुलिया निर्माण की घोषणा से ग्रामीणों में खुशी का माहौल था। इस सुविधा के बनने से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा और विकास की नई राहें खुलेंगी। मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी सहित सभी बुनियादी सुविधाओं के प्रति सरकार सजग और गंभीर है। इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तेजी आवश्यक
मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं सहन की जाएगी और कार्य तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड के चौमुखी विकास की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की सुविधाएं निरंतर सुधर रही हैं। कार्यक्रम में पीढ़ मानकी लाल सुंडी, मुंडा बीर सिंह सुंडी, गार्दी सुंडी, सेलाय दोराईबुरु, मुन्ना सुंडी, कृष्णा सिरका, सेबुन बोयपाई, जितराय सुंडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Saraikela: मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला शाखा का सेवा महाशिविर, 50 कृत्रिम अंगों का हुआ वितरण