पोटका: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिलने से नाराज जादूगोड़ा की दर्जनों महिलाएं सोमवार को भूखे-प्यासे पोटका प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया। आसनवनी पंचायत के घोटीडूबा, चतरो, तिलामुड़ां और आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में महिलाएं जुटीं। उनका नेतृत्व जेएलकेएम के नेता विमल महतो, भागीरथी हांसदा, राजा कालिंदी और महिला नेत्री भानु प्रताप महतो ने किया।
महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय में बीडीओ की अनुपस्थिति में एक प्रखंड कर्मी को ज्ञापन सौंपा और सरकार से जल्द भुगतान की मांग की। विमल महतो ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो पोटका प्रखंड कार्यालय में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
राजा कालिंदी ने बताया कि घोटीडूबा, चतरो और तिलामुड़ां की 42 महिलाएं जनवरी 2025 से योजना की राशि से वंचित हैं। इससे पहले केवल 2500 रुपये दिए गए थे, लेकिन दोबारा कोई राशि खातों में नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि सरकार राजनीतिक लाभ के लिए योजना लाई थी, लेकिन चुनाव बीतते ही 26 लाख से अधिक परिवारों को योजना से वंचित कर दिया गया है।
प्रदर्शन में मौजूद जेएलकेएम महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम महतो, केंद्रीय महिला मोर्चा सचिव भानुप्रिया महतो और जमशेदपुर नगर अध्यक्ष सुलोचना महतो ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लागू करना है तो सभी लाभुकों को समान रूप से लाभ मिले, अन्यथा सरकार योजना बंद करे। उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर भेदभाव बंद नहीं हुआ तो महिलाओं की आवाज पूरे झारखंड में गूंजेगी।
इसे भी पढ़ें : breaking : सोनारी एयरपोर्ट पर हादसा टला, रनवे पर फिसला विमान, यात्री सुरक्षित, मामूली चोट
There is no ads to display, Please add some



















































