जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित संजय पथ में तड़ीपार गुड्डू पांडेय के घर पर की गई फायरिंग की घटना में पुलिस ने एक आरोपी टेका चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किया है। मंगलवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इस गिरफ्तारी की जानकारी दी।
घटना के बाद से था फरार
यह घटना 5 सितंबर की शाम करीब 5:50 बजे हुई थी। फायरिंग के बाद आरोपी टेका चौधरी फरार हो गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे शहर से ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में शामिल उसका साथी, जो बाइक चला रहा था, अब भी फरार है।
आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि टेका चौधरी के खिलाफ पहले से ही कई थानों में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें दुमका के जरमुंडी, जमशेदपुर के एमजीएम और मानगो थाने शामिल हैं। वह अमरनाथ हत्या मामले में भी जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
फायरिंग से पहले बजाई थी कॉल बेल
घटना के दिन टेका चौधरी बाइक पर सवार होकर गुड्डू पांडेय के घर पहुंचा था। उसने पहले घर की कॉल बेल बजाई और कुछ ही क्षणों बाद दोनों हाथों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए थे।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनी विशेष टीम में पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर, उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार, एसआई रविंद्र पांडेय, विजय कुमार और एएसआई बीरबल उरांव शामिल थे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: मानगो में कुख्यात गुड्डू पांडेय के घर हुई फायरिंग, इलाके में दहशत
There is no ads to display, Please add some



















































