जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में दाल-भात योजना के लिए निर्धारित स्थान से अधिक स्थान घेरकर अवैध निर्माण करने का मामला सामने आया है। इस निर्माण के कारण पावर प्लांट के ट्रांसफॉर्मर तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.के. मंधान ने इसकी जानकारी उपायुक्त को देते हुए बताया कि संचालक को जितनी जगह निर्धारित की गई थी, उससे काफी अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे अस्पताल के बिजली आपूर्ति तंत्र को खतरा उत्पन्न हो गया है।
डॉ. मंधान ने अवैध निर्माण हटाने की मांग की थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दाल-भात योजना के संचालक सरदार शैलेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ अधीक्षक के चैंबर पहुंचे और हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षक ने तत्काल उपायुक्त को इसकी सूचना दी।
उपायुक्त के निर्देश पर मानगो अंचल कार्यालय से दो कर्मचारियों की टीम अस्पताल पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस विवाद के समाधान के लिए शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें अस्पताल प्रबंधन, प्रशासनिक अधिकारी और दाल-भात योजना संचालक को शामिल किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिसका असर मरीजों की सेवाओं पर पड़ेगा। अब सबकी नजर शनिवार की बैठक पर है, जिसमें आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: काली पूजा पंडाल के पास फंदे से झूला वृद्ध रिक्शा चालक, पहचान अबतक अज्ञात




















































