जमशेदपुर: सोनारी-कदमा लिंक रोड पर शनिवार सुबह एक हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे टहल रहे लोगों और खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी. हादसे में एक महिला घायल हो गई, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार एक पुलिसकर्मी चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शी संगीता कुमारी ने बताया कि रोज की तरह लोग सड़क किनारे टहल रहे थे एवं योग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और फुटपाथ पर चढ़ गई। इससे एक महिला गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग ने कार को घेर लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कदमा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले गई. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कदमा थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग पर टहलने और योग करने आते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों का कहना है कि उनकी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं थी। कदमा पुलिस ने कहा कि वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें :
Bahragora: बहरागोड़ा में शराब दुकान का औचक निरीक्षण, खुलेआम नशा करते मिले युवक


















































