गुवा: लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी गुवा में पूरे जोरों पर है। छठव्रतियों और उनके परिवारों ने कुसुम घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों की घेराबंदी और सफाई अभियान शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं ने पत्थर रखकर पूजा स्थान निर्धारित किया और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित की, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
समाजसेवकों की ओर से घाटों और सड़कों पर लाइट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि संध्या और प्रातः अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे। रविवार शाम को खरना पूजा के बाद लोग प्रसाद स्वरूप खीर-पूरी ग्रहण करेंगे। सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा।
गुवा बाजार में छठ पर्व की खास रौनक दिखाई दे रही है। फलों की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि छठव्रतियाँ पूजा के लिए फल खरीद सकें। आटा चक्कियों में भी विशेष सफाई और गेहूं की पिसाई केवल छठ पूजा हेतु की जा रही है। समाजसेवकों द्वारा रविवार को सड़कों पर झाड़ू और पानी का छिड़काव करने की योजना बनाई गई है, ताकि वातावरण स्वच्छ और भक्तिमय बना रहे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: बागबेड़ा महानगर विकास समिति ने छठ व्रतधारियों में किया पूजा सामग्री वितरण















































