समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री रामदास सोरेन ने स्वतंत्रता सेनानियों, झारखंड आंदोलन कारियों सहित सैनिकों को सम्मानित किया

जमशेदपुरः 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा निबंधन विभाग, झारखंड रामदास सोरेन ने झण्डारोहण किया एवं परेड की सलामी ली. इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस शुभ अवसर पर भारत वर्ष की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले सभी महापुरुषों को नमन करने की जरूरत है. आजाद भारत को, हमारे देश के स्वतन्त्रता सेनानियों और नेतृत्वकारियों ने देश को एक अनमोल सविधान की रचना कर हमें दिया है. जिसे हम प्रतिवर्ष 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस के रूप में याद करते हैं. हम यह भी स्मरण करते हैं कि संविधान को आत्मसात करते हुए कौन कौन सी उपलब्धियाँ हासिल की है.
संविधान के दायरे में झारखंड रा्जयका गठन हुआ
उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में भारतीय संविधान के दायरे में ही हमने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड अलग राज्य को प्राप्त किया. इस राज्य के निर्माण में कई झारखण्ड आन्दोलनकारियो ने अपनी शहादत दी है. इसलिए झारखण्ड अलग राज्य निर्माण में हुए शहीदों के सपनो को भी साकार करना हमारी जिम्मेवारी है. हमारा पूर्वी सिंहभूम जिला इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विकास सम्बन्धी योजनाओं को बनाते हुए विकास की ओर अग्रसर है. स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिला की उपलब्धि उल्लेखनीय रही है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 609 कुपोषित बच्चों का ईलाज कर पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. वहीं मुख्यमंत्री गम्भीर बीमारी उपचार योजना से इस वित्तीय वर्ष में 146 लाभुकों को लाभ दिया गया है. राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार कुष्ठ मरीजों, यक्ष्मा मरीजों के ईलाज के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराया जा रहा है.
शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुए हैं
आपूर्ति विभाग- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम हमारे पूर्वी सिंहभूम जिला में अक्टूबर 2015 से लागू है। इस योजना से जिला में कुल 4 लाख 44 हजार 867 परिवार अच्छादित हैं। झारखण्ड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना पूर्णतः राज्य सरकार की योजाना है जिससे कुल 47 हजार 474 परिवार लाभ ले रहे हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री दाल भात योजना, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना, चना दाल वितरण योजना, धान अधिप्रति योजना सफलतापूर्वक चलाये जा रहे हैं.
शिक्षा के क्षेत्र में- झारखण्ड अधिविद परिषद द्वारा शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में आयोजित माध्यमिक परीक्षा में पूर्वी सिंहभूम जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पटमदा की छात्राओं ने पाइप बैंड प्रतियोगिता में देश की राजधानी दिल्ली के परेड में अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज की तथा पहला स्थान प्राप्त किया. खेलकूद के क्षेत्र में भी हमारे जिला के छात्र-छात्राओं ने पदक जीत कर मान बढ़ाया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का मंत्री होने के नाते शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता पूर्ण भिक्षा के साथ-साथ सभी तरह के संसाधनों से युक्त शिक्षा व्यवस्था को दुरूस्त करना मेरी प्राथमिकता है. जिला में चल रही कस्तुरबा गाँधी आवासीय विद्यालय, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सहित सभी सरकारी विद्यालयो को सुविधाओं से लैस किया जायेगा. सरकारी स्कूलों के बच्चों को समय पर पोषाक, पाठ्य पुस्तक के साथ-साथ गुणवत्ता पूर्ण मध्याह्न भोजन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

मंत्री ने सैनिकों , स्वतंत्रता सेनानियों व झारखंड आंदोलन कारियों को किया सम्मानित
जिला स्तरीय समारोह में परेड का प्रदर्शन एवं झांकी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे. परेड में 8 टुकड़ियां शामिल हुई जिसमें एनसीसी बालिका को प्रथम, जिला सशस्त्र पुलिस (पुरूष) को द्वितीय तथा जिला सशस्त्र पुलिस (महिला) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं झांकी में प्रथम स्थान परिवहन विभाग, द्वितीय स्थान सिविल डिफेंस तथा तृतीय स्थान कल्याण विभाग की झांकी को प्राप्त हुआ. इस अवसर पर विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
मंत्री द्वारा राष्ट्र की सेवा में वीरता पुरस्कार प्राप्त छह सैनिकों एवं उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया जिनमें एयर कमोडोर बीएस मारवा, वायु पदक (वीरता), कर्नल अरूप रतन बसु, युद्ध सेवा पदक (वीरता), कर्नल राजेश सिंह, शौर्य चक्र, सेना पदक (वीरता), जूनियर वारंट ऑफिसर मोहम्मद जावेद, शौर्य चक्र तथा सिपाही गणेश हांसदा, सेना पदक (मरणोपरांत), सिपाही दिलीप बेसरा, सेना पदक (मरणोपरांत) के परिजनों को सम्मानित किया गया. साथ ही झारखंड आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को भी मंत्री ने सम्मानित किया.
इसे भी पढ़ेः Jamshedpur: वर्कर्स कॉलेज में गणतंत्र दिवस के अवसर पर फहराया गया तिरंगा
इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन/ तथा अपनी जिम्मेदारियों को कर्तव्यनिष्ठा से निभाने वाले जिला प्रशासन के पदाधिकारी व कर्मी, पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल के जवानों को सम्मानित किया गया.समारोह में उपायुक्त अनन्य मित्तल, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, परियोजना निदेशक आईटीडीए दीपांकर चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार शिवाशीष, प्रोबेश्नर आईपीएस ऋषभ त्रिवेदी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए.




















































