जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान से देर रात गेट और ग्रिल एंगल चोरी हो गई। पुलिस ने महज कुछ घंटों में इस चोरी का खुलासा कर दिया और गुरुवार सुबह चार आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी संजय गोप, और जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाले निरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला, और प्रेम कुमार शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डाला टेंपो, मकान का गेट और ग्रिल एंगल भी बरामद किया गया।
पुलिस ने चोरी का खुलासा अनोखे तरीके से किया। घटना के समय किसी स्थानीय व्यक्ति ने टेंपो पर लोड किए जा रहे सामान और आरोपियों की स्पष्ट तस्वीर खींच ली थी। फोटो में सभी आरोपी साफ दिखाई दे रहे थे। इस तस्वीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत पहचान कर छापेमारी शुरू की और सुबह-सवेरे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे निर्माणाधीन मकान में घुसकर कीमती गेट और ग्रिल एंगल चोरी कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि इससे असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा।
पुलिस अब सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: XLRI के पास दो बाइक की भीषण टक्कर, दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल