जमशेदपुर : मानगो के बगानशाही, आजाद नगर स्थित मुर्दा मैदान की सफाई को लेकर स्थानीय लोगों की तैयारी के बीच मानगो नगर निगम के उपमहापौर राहुल कुमार कश्यप ने पहल की है। उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को लिखित रूप से बताया है कि निगम शुक्रवार से वहां सांकेतिक सफाई शुरू करेगा और नवरात्रि के बाद पूरी सफाई कराई जाएगी। सरयू राय ने उपमहापौर की पहल का स्वागत किया है।
सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा था कि मुर्दा मैदान में लंबे समय से गंदगी और सड़ांध पसरी हुई है। निगम द्वारा सफाई नहीं कराए जाने पर क्षेत्र के नागरिकों के बुलावे पर वह 1 अक्टूबर को वहां पहुंचे थे। मौके पर वार्ड पार्षद हाजी मो. झुन्ना, आफताब सिद्दीकी, रियाज सहित कई वरिष्ठ समाजसेवी और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
स्थानीय लोगों ने कहा था कि यदि निगम सफाई नहीं कराता है तो वे स्वयं सफाई करेंगे। लेकिन सफाई से निकलने वाले कचरे को कहां डाला जाए, इसे लेकर उन्होंने निगम से स्थान बताने की मांग की थी। एक सप्ताह में जगह नहीं बताए जाने पर निगम कार्यालय के सामने कचरा डालने की बात कही गई थी।
एक सप्ताह बीतने के बाद स्थानीय लोगों ने शनिवार से सफाई की तैयारी कर ली थी। इसी बीच उपमहापौर ने हस्तक्षेप किया।
सरयू राय ने कहा कि उपमहापौर ने दिन में मौखिक रूप से दी गई जानकारी को शाम तक पत्र के माध्यम से लिखित रूप में भी दे दिया। पत्र की प्रति मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को भी दी गई है।
सरयू राय के अनुसार, उपमहापौर ने आश्वासन दिया है कि शुक्रवार को मुर्दा मैदान में सांकेतिक सफाई शुरू होगी और नवरात्रि के बाद पूरी सफाई कराई जाएगी। सरयू राय ने कहा कि स्थानीय लोग उपमहापौर के लिखित आश्वासन की कद्र करेंगे और उस पर कायम रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, 200 लीटर चुलाई शराब जब्त
There is no ads to display, Please add some


















































