जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस को गुरुवार रात नशा तस्करों पर बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने सीतारामडेरा के स्लैग रोड स्थित न्यू सीतारामडेरा पार्क में छापेमारी कर बादल बनिया (25) और गौरव राम (25) को गिरफ्तार किया।
दोनों वहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की।
डीएसपी मुख्यालय–1 भोला प्रसाद ने बताया कि दोनों पहले से हत्या, चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में आरोपी हैं। बादल बनिया हाल ही में टकलू हत्याकांड में जेल से छूटकर आया है।

इसके बाद पुलिस टीम ने मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी किनारे अवैध ब्राउन शुगर कारोबार की जानकारी पर छापेमारी की। यहां से चार युवकों—शिवाजी गोप उर्फ नाडू, सर्जन कुमार उर्फ साजन, अता मोहम्मद, और टुनटुन यादव—को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर, 6,650 रुपये नकद, और एक मोबाइल फोन जब्त किया। गिरफ्त में आए चार में से तीन युवक पूर्व में आर्म्स एक्ट, मारपीट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि छहों आरोपियों से पूछताछ जारी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें :




















































