जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर झारखंड सरकार से अनुरोध किया है कि मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में प्रस्तावित नगर निकाय चुनावों से पहले SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का पूर्ण सत्यापन और अद्यतन तुरंत किया जाए।
आजसू पार्टी का कहना है कि शहरों में लगातार जनसंख्या विस्थापन, प्रवास और नए वार्ड विस्तार के कारण मतदाता सूची में कई त्रुटियाँ पाई गई हैं। इसके चलते चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है।
कन्हैया सिंह ने बताया कि SIR प्रक्रिया के माध्यम से फर्जी नामों की पहचान, दोहराव हटाना, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करना एवं नए योग्य मतदाताओं का नामांकन अत्यंत आवश्यक है।
कन्हैया सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना अद्यतन मतदाता सूची के नगरपालिका चुनाव कराना जनहित के खिलाफ होगा। उन्होंने सरकार को निर्देश देने और SIR प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का आग्रह किया।
आजसू पार्टी ने निर्वाचन आयोग से भी अनुरोध किया है कि नगर निकाय क्षेत्रों में विशेष पुनरीक्षण कार्य की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाले चुनाव पूरी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ सम्पन्न हो सकें। पार्टी जल्द ही उपायुक्त के माध्यम से चुनाव आयोग रांची को इस मामले से अवगत कराएगी और उचित कार्रवाई की मांग करेगी।




















































