- शरारती तत्वों की हरकत से 150 लोगों के सामने पानी की समस्या
- रात में चोरी, सुबह ठप मिली जलापूर्ति
गुवा : बिनुवा गांव के 15 से 20 घरों वाले अंकुआ टोले में पेयजल सुविधा के लिए लगाए गए सरकारी सोलर जलमीनार से शुक्रवार की रात कुछ शरारती तत्वों द्वारा टाइमर चोरी कर लिया गया। चोरी के कारण जलमीनार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे टोले के लगभग 150 लोगों के सामने गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार सुबह जब महिलाएं पानी लेने जलमीनार पहुंचीं, तब पता चला कि जलमीनार से पानी नहीं चल रहा है। जांच करने पर टाइमर चोरी होने की जानकारी मिली।
इसे भी पढ़ें : Potka : कड़ाके की ठंड में प्रशासन की मानवीय पहल, दीनबंधु कुष्ठ आश्रम में कंबल वितरण
नदी से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीण प्रकाश सिद्धू और राजकुमार लोहार ने बताया कि जलमीनार का टाइमर आधी रात में खोलकर ले जाया गया है। जलापूर्ति ठप होने के कारण अब ग्रामीणों को पास की हंसागाढ़ा नदी से पेयजल लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी संबंधित विभाग को दी जाएगी और जल्द से जल्द चोरी हुआ टाइमर दोबारा लगवाने की मांग की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलमीनार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
















































