- गुप्त सूचना पर छापेमारी, आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
- पुलिस जांच में नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना
जमशेदपुर : सोनारी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को न्यू ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी कर नशे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने पिंटू यादव उर्फ भैंसा नामक युवक को गिरफ्तार किया, जो सोनारी थाना क्षेत्र का ही निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि इलाके में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से इस अवैध धंधे में लिप्त है और युवाओं को अपना निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला-खरसावां में हवलदार सागर हेंब्रम का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस विभाग में शोक
नशे के खिलाफ सोनारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में सोनारी थाना में एसआई शिवम राज के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी। विभाग का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।