- पुराना उलीडीह के जर्जर मकान से मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
- सुबह-सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप
जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत पुराना उलीडीह के समीप शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान रितुल कर्मकार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार रितुल कर्मकार इलाके में ही रहकर इधर-उधर घूमते हुए भिक्षाटन कर जीवनयापन करता था। बताया गया कि वह अक्सर एक जर्जर और सुनसान मकान में रात बिताया करता था, जहां से उसका शव बरामद हुआ। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : तीन दिवसीय ‘रेडियंट झारखंड 2.0’ मेगा प्रदर्शनी का समापन, 10 हजार से ज्यादा लोग हुए लाभांवित
मौत के कारणों को लेकर कई आशंकाएं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के मुंह से झागनुमा तरल पदार्थ निकल रहा था, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि उसकी मौत किसी विषैले जीव के काटने से हुई हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन भी मौत का कारण हो सकता है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।