गम्हरिया : गम्हरिया थाना क्षेत्र में स्थित आंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी किए गए सामान के साथ घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग कुमार महतो, लखन महतो, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार और आसिफ अली शामिल हैं। आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 12 मार्च 2026 को कंपनी के स्टोर रूम से तांबे का दो बाल्टीनुमा ट्यूयर और पीतल का चार ब्रास बुश चोरी हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुआ सामान बरामद किया है, जिसमें 48 किलोग्राम वजन के दो कॉपर ट्यूयर और 66 किलोग्राम के चार ब्रास बुश शामिल हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया छोटा हाथी वाहन भी जब्त कर लिया गया है।














































