पोटका : पोटका क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू उच्च विद्यालय की कॉमर्स संकाय में यहां की दो छात्राओं ने जिले के टॉप-10 में स्थान हासिल किया है। दीपा पात्र ने 89% अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ग्राम प्रधान की पुत्री अदिति सिंह ने 88% अंक लाकर पांचवां स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

खास बात यह है कि दोनों का लक्ष्य भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करना है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधांशु मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि आर्ट्स में 129, साइंस में 9 और कॉमर्स में 6 छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी थी और सभी छात्राएं सफल रहीं। प्रधानाध्यापक ने कहा कि जब से उन्होंने विद्यालय का प्रभार संभाला है, उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों को आगे बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के सभी शिक्षकों, प्रबंधन समिति और अभिभावकों को दिया। इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय के साथ-साथ पूरे पोटका क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर पोटका में हर्ष व्याप्त, देवी कुमारी भूमिज ने बांटी मिठाई



















































