पोटका : झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी होते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस वर्ष आर्ट्स, कॉमर्स एवं साइंस संकाय में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। पोटका स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की छात्रा छाया भकत ने 414 अंक यानी 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आयशा सरदार 399 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि मुक्त रानी भकत ने 395 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय का परिणाम उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को आगे भी बेहतर मार्गदर्शन देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि वे भविष्य में विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम और ऊंचा कर सकें।
इसे भी पढ़ें : JAC RESULT : पोटका में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का शत-प्रतिशत रिजल्ट, मालती टुडू बनी टॉपर



















































