जमशेदपुर : सामाजिक संस्था युवा (यूथ फॉर यूनिटी वॉलंटरी एक्शन) एवं गर्ल्स फर्स्ट फंड के संयुक्त तत्वावधान में साकची स्थित होटल कैनेलाइट में बाल विवाह एवं बाल संरक्षण विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पोटका, जमशेदपुर एवं पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को सशक्त बनाना था। मुख्य प्रशिक्षक अजय कुमार ने बच्चों के अधिकार, बाल विवाह के कारण एवं दुष्परिणाम, मानव तस्करी से संबंध, पॉक्सो अधिनियम, ऑनलाइन दुर्व्यवहार तथा बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी दी।
युवा संस्था की सचिव वार्णली चक्रवर्ती ने पंचायतों से बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। शिक्षकों ने भी अनुभव साझा करते हुए अभिभावक-शिक्षक बैठकों में बाल विवाह और बाल संरक्षण पर नियमित चर्चा की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अनिता शर्मा एवं मनोज कुमार सिंह को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।



















































