जमशेदपुर : शहर में अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में पुलिस ने अवैध जुआ खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा, जबकि साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में अवैध लॉटरी और सट्टा संचालन के आरोप में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में नकदी समेत जुआ और लॉटरी से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं।
छायानगर में जुआ अड्डे पर छापेमारी
पहली कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर इलाके में की गई। पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मौके से राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,820 रुपये नकद, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पॉकेट डायरी, नोटबुक तथा जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आम लोगों को जल्द पैसा कमाने का लालच देकर जुआ और लॉटरी के जरिए पैसे लगाने के लिए प्रेरित किए जाने से जुड़े तथ्य सामने आए हैं।
साकची में लॉटरी-सट्टा संचालन का खुलासा
दूसरी कार्रवाई साकची थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में अवैध रूप से लॉटरी और सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने नीरज कुमार सिंह, दिलीप पासवान और अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2,510 रुपये नकद, अलग-अलग नंबर लिखी कॉपियां, एक रियलमी मोबाइल फोन तथा गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों द्वारा कथित तौर पर लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर गोवा स्टार एप के माध्यम से सट्टा लगवाने की बात सामने आई है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टा कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसानगर की युवती रहस्यमय ढंग से गायब, परिजनों ने सूचना देने वाले को 21 हजार का इनाम देने की घोषणा की
There is no ads to display, Please add some


















































