जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 17.274 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भोजपुर, बिहार का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी के आदेश पर मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था), जमशेदपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घोड़ा चौक के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक काले रंग का सूटकेस और एक फिरोजी रंग का बैग बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, काले रंग के सूटकेस में भूरे रंग के प्लास्टिक रैपर में लिपटे 14 पैकेट गांजा मिले। वहीं, फिरोजी रंग के बैग से इसी तरह पैक किए गए 3 पैकेट गांजा बरामद हुए। दोनों स्थानों से बरामद कुल 17 पैकेटों का वजन 17.274 किलोग्राम पाया गया।
बरामद गांजे को पुलिस टीम ने विधिवत जब्त करते हुए जब्ती सूची तैयार की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष यादव, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता हरेन्द्र यादव, ग्राम बारा, पोस्ट खजुरिया, थाना आरा (मु.), जिला भोजपुर, बिहार के रूप में की गई है।
इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 79/2026, दिनांक 26 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(b)(ii)(B)/29 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे जुगसलाई में किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बैंक डकैती और लगातार चोरी के विरोध में गोलमुरी बाजार बंद, व्यापारियों में आक्रोश
There is no ads to display, Please add some


















































