झाड़ग्राम : जंगलमहल में कृषि एवं वन संसाधनों के उपयोग से उद्योग और रोजगार के अवसर विकसित करने की पहल की गई है। मंगलवार को झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साउ ने उद्योगपति तथा गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद राय गोयनका के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में खाली पड़े सरकारी जमीन पर कृषि आधारित उद्योग, बहुउद्देशीय फार्म, फैब्रिक उत्पादन केंद्र और झाड़ग्राम शहर में शॉपिंग मॉल बनाने की संभावनाओं पर विचार हुआ। सापधरा क्षेत्र के बांस संसाधनों से इथेनॉल उत्पादन और कपड़ा उद्योग के लिए फैब्रिक निर्माण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के दस अंचलों में साल पत्तों की थालियां बनाने की दस मशीनें उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई। उद्योगपति ने इन मशीनों से तैयार थालियां महिलाओं से खरीदकर मुंबई के बाजारों में बेचने की व्यवस्था करने की बात कही। इसके अलावा, विधानसभा क्षेत्र के 40 स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। रामगढ़ और लालगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्योग विकसित करने तथा उत्पादित सब्जियों को खड़गपुर के बाजारों में बेचने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
विधायक लक्ष्मीकांत साउ ने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों से किसानों को लाभ और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता है। वहीं, प्रह्लाद राय गोयनका ने महिला स्वरोजगार, जनकल्याण और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सहयोग देने की बात कही।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : ट्रैक मेंटेनर की मुस्तैदी से टला बड़ा रेल हादसा, डीआरएम ने किया सम्मानित
There is no ads to display, Please add some

















































