खड़गपुर : ट्रेन में तकनीकी गड़बड़ी को समय रहते पहचानकर सतर्कता दिखाने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के एक गेटमैन को मंगलवार को सम्मानित किया गया। अमरदा रोड और जलेश्वर स्टेशन के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 54 पर तैनात गेटमैन गोपाल नाथ को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब 11:47 बजे 15673 चार्लापल्ली-कामाख्या अमृत भारत एक्सप्रेस समपार फाटक से गुजर रही थी। इसी दौरान गोपाल नाथ की नजर ट्रेन के पिछले हिस्से में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या पर पड़ी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना देर किए लाल हाथ संकेत दिखाकर ट्रेन के चालक दल को सतर्क किया। साथ ही अमरदा रोड के स्टेशन मास्टर को भी इसकी सूचना दी गई।
सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोकने के लिए ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) बिजली आपूर्ति बंद की गई। गेटमैन की समय पर दिखाई गई सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली।
डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने गोपाल नाथ की कर्तव्यनिष्ठा, सूझबूझ और जिम्मेदारी की सराहना की। रेलवे की ओर से उनके इस कार्य को सुरक्षित रेल परिचालन के प्रति कर्मचारियों की सजगता और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया गया।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : वन्यजीव हमले में मृतकों के परिजनों को नौकरी देने की मांग, वन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
There is no ads to display, Please add some

















































