बहरगोड़ा: बहरगोड़ा प्रखंड के गुहियापाल पंचायत में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग को निशाना बनाते हुए 11,000 वोल्ट का हाई-वोल्टेज तार चोरी कर लिया। चोरों ने तार काटने के साथ-साथ कई सीमेंट पोल तोड़कर सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-18 किनारे महिषपुर चौक से लेकर जामबोनी मैदान तक करीब 26 बिजली खंभों पर लगे तारों को काटकर ले जाया गया। चोरी की वारदात इतनी योजनाबद्ध थी कि चोरों ने खंभों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
![]()
इस घटना के बाद गुहियापाल पंचायत के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह उठते ही उन्होंने कटे तार और टूटे खंभे देखे, जिसके बाद तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी गई। बिजली न रहने से पेयजल की मोटरें बंद, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कार्यों में परेशानी बढ़ गई है।
मामले की सूचना मिलते ही बहरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि चोरी का तरीका किसी संगठित गिरोह की ओर इशारा करता है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लाखों रुपये के नुकसान की पुष्टि की है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही तार बदले जाएंगे और टूटे पोलों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: खेत में घुसी तेज़ रफ़्तार बस, बाल-बाल बचे दर्जनों यात्री