गुवा : गुवा बाजार स्थित डीपासाई एवं जाटा हाटिंग क्षेत्र में गुवा सेल प्रबंधन द्वारा नए प्रोजेक्ट के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इस बीच विस्थापितों को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए उपायुक्त ने अहम निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नए घर की चाबी मिल चुकी है, उन्हें अपने पुराने घर खाली करना अनिवार्य होगा। वहीं, जिन्हें अब तक चाबी नहीं मिली है, उन्हें फिलहाल घर खाली करने की कोई आवश्यकता नहीं है। बताया गया कि सेल प्रबंधन ने विस्थापितों के पुनर्वास के लिए केवल 184 नए घर बनाए हैं, जबकि लगभग 500 परिवारों के विस्थापन की बात सामने आ रही है। इसी असंतुलन को लेकर विस्थापितों में नाराजगी देखी जा रही है। बीते शनिवार को जब अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया, तब सैकड़ों की संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने दो दिनों का समय दिया था। सोमवार को विस्थापितों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त चंदन कुमार से मिला और अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल में जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल थे।
साथ ही गुवासाई मुंडा मंगल पूर्ति,ठाकुरा गांव के मुंडा दामु चाम्पिया,मानकी सुरेश चाम्पिया उपस्थित रहे। विस्थापितों की बात सुनने के बाद उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी तरह से सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया नहीं जाएगा।
उपायुक्त के इस निर्णय से विस्थापितों में कुछ हद तक राहत देखी गई और उन्होंने प्रशासन की पहल का स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : जुनियर नेशनल खो – खो प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड की टीम ओडिशा के लिए हुई रवाना



















































