गुवा: गुवा थाना क्षेत्र के विवेक नगर में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। सेल कर्मी रशम विजय कुमार पांडे ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घायल पत्नी अंकु कुमारी को स्थानीय लोगों ने तुरंत गुवा सेल अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया।
पीड़िता ने होश में आने के बाद गुवा थाना में अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रशम विजय कुमार पांडे को गिरफ्तार किया और शुक्रवार को चाईबासा जेल भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पति पहले भी कई बार पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था। करीब एक सप्ताह पहले भी उसने पत्नी को गंभीर रूप से घायल किया था, लेकिन तब मामला दर्ज नहीं हुआ था। लगातार हो रही घरेलू हिंसा से तंग आकर पीड़िता ने इस बार कानूनी कदम उठाया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि कोई और महिला घरेलू हिंसा का शिकार न बने। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की।
इसे भी पढ़ें :
Bahragora: बहरागोड़ा का भारत कल्याण मंडप बन गया खंडहर, एक दशक की लापरवाही ने मिटाई चमक


















































