घाटशिला: घाटशिला उपचुनाव के नजदीक आते ही प्रचार-प्रसार की रफ्तार बढ़ गई है। जेएलकेएम ने चारों प्रखंडों में अलग-अलग टीम बनाकर गाँव-गाँव और घर-घर जनता से संपर्क करना शुरू कर दिया है। इस अभियान का नेतृत्व केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो कर रहे हैं।
आज सभी टीमों ने अपने-अपने प्रखंडों में प्रचार करने के बाद दोपहर 3 बजे फुलडुंगरी से स्टेशन रोड होते हुए राज स्टेट मैदान घाटशिला तक पदयात्रा की। इस पदयात्रा का समापन राज स्टेट मैदान में हुई नुक्कड़ सभा के साथ किया गया। सभा को जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू और पदयात्रा के नेतृत्वकर्ता देवेन्द्र नाथ महतो ने संबोधित किया।

देवेन्द्र नाथ महतो ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार घाटशिला की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा कि घाटशिला क्षेत्र में खनिज संपदा भरपूर है, लेकिन इसके बावजूद लोग गरीबी, बेरोजगारी और पलायन की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
महतो ने वादा किया कि अगर जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू चुनाव जीतते हैं तो बंद पड़े सूरदा, केदाडीह, राखा कॉपर, चापड़ी, धोबनी और किशनगढ़िया माइंस को फिर से चालू किया जाएगा। इन माइंस में स्थानीय लोगों को टेंडर और रोजगार देने का भी भरोसा दिया गया।
सभा में केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो, प्रत्याशी रामदास मुर्मू, प्रभारी प्रेम मार्डी, प्रेमनायक उदय मेहता और विजय साहू मौजूद थे।






















































