जमशेदपुर: सोमवार सुबह मानगो पुलिया पर एक टमाटर से लदे ट्रक के ब्रेक फेल होने से अफरातफरी मच गई। दुर्गा पूजा के मौके पर सड़क पर भारी भीड़ और वाहनों का दबाव था, लेकिन चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक ट्रक का ब्रेक काम करना बंद कर दिया। सामने से बढ़ती भीड़ और वाहन दबाव के बीच चालक ने समय गंवाए बिना ट्रक को रॉन्ग साइड मोड़ा और पुल निर्माण कार्य में लगे हाइड्रा मशीन से टकरा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास खड़े लोग सहम गए, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर के तुरंत बाद गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण बड़ी दुर्घटना होने से बची। भीड़भाड़ और दुर्गा पूजा के अवसर पर सड़क पर हजारों लोग मौजूद थे, ऐसे में ट्रक का नियंत्रण खो जाना गंभीर संकट पैदा कर सकता था। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें :
Saraikela: दुर्गा पूजा पंडाल के पास उल्टी दिशा में जली तिरंगा लाइटें, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल


















































