सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक तिरंगे रंग की लाइट लगाने में हुई भारी लापरवाही ने विवाद खड़ा कर दिया है। कमारगोड़ा स्थित बिजली खंभों पर लगाई गई लाइटें उल्टी दिशा में जलीं — जहां ऊपर केसरिया रंग होना चाहिए था, वहां हरा जल रहा है और नीचे हरे की जगह केसरिया। यह दृश्य दुर्गा पूजा पंडाल के पास साफ दिखाई दे रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का कहना है कि यह गलती केवल तकनीकी चूक नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही है। उनका आरोप है कि नगर परिषद की निगरानी और जिम्मेदारी के बावजूद तिरंगे जैसे राष्ट्रीय प्रतीक के साथ खिलवाड़ हुआ, जो अस्वीकार्य है। ग्रामीणों ने कहा कि यह गलती सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती थी, क्योंकि इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन गुजरते हैं।

जानकारी के मुताबिक, लाइट लगाने की जिम्मेदारी नगर परिषद के कर्मचारी मोहम्मद सैफ को दी गई थी। जब उनसे इस गलती पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने ठीकरा मिस्त्री पर फोड़ दिया। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कार्य की देखरेख उन्होंने ही की थी। इस विरोधाभासी बयान से नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और सभी गलत तरीके से लगाई गई लाइटों को तुरंत सही किया जाए. लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ी इस गलती को नजरअंदाज करना देशभक्ति के मूल्यों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार और कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
इसे भी पढ़ें :
Bahragora: बहरागोड़ा में दुर्गा पूजा की भव्य शुरुआत, 108 कलश यात्रा से महासप्तमी का आगाज
There is no ads to display, Please add some



















































