जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित सिदो-कान्हू मैदान के पास देर रात हंगामा हुआ। अभिषेक मेडिकल के संचालक राज किशोर के घर पर बाइक से पहुंचे तीन नशेड़ी युवकों ने इलाज कराने का दबाव बनाया। मेडिकल बंद होने की वजह से राज किशोर ने उन्हें सुबह आने की बात कही।
सलाह सुनकर युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। गुस्से में उन्होंने घर के गेट पर लगी प्लास्टिक शीट तोड़ डाली। इसी दौरान युवकों ने धमकी दी कि “बाहर निकले तो अंजाम भुगतना पड़ेगा।”

हंगामा कर रहे तीनों युवक लगभग 15 मिनट तक घर के बाहर उत्पात मचाते रहे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सिदो-कान्हू मैदान के पास लगातार नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ रहा है। यहां अक्सर युवक ब्राउन शुगर का सेवन करते और रात में शोर-शराबा करते दिखते हैं। बताया गया कि तीनों में से एक युवक बाइक से गिरकर घायल हो गया था, इसी वजह से वे आधी रात को इलाज करवाने पहुंचे थे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में गश्ती बढ़ाने की भी तैयारी है।


















































