चाईबासा: 29 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे टोन्टो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार टॉड के पास ग्रामीण मुण्डा ने सूचना दी कि मुकरु देवगम (50) की अज्ञात व्यक्तियों ने पत्थर और लाठी-डंडों से हत्या कर दी है। मृतक चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बारी पोखरी टोला के निवासी और पेशे से पारा टीचर थे।
सूचना पुलिस अधीक्षक चाईबासा को दी गई। सत्यापन के बाद एसपी के आदेश पर अनु.पु. पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। घटना के बाद आरोपी जंगल के बीहड़ों में छिपे थे, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापामारी चलती रही। तकनीकी शाखा की मदद से टीम ने अगले दिन 30 नवंबर 2025 को ग्राम केजरा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला कि मृतक मुकरु देवगम साप्ताहिक बाजार गए थे। वहीं तीनों आरोपियों ने उनसे हड़िया/रासी पीने को लेकर विवाद किया। विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने मिलकर पत्थर और डंडे से हमला कर मुकरु की बेरहमी से हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और उनके बयान पर पुलिस ने घटना के दौरान पहने उनके कपड़े भी बरामद किए।
बरामदगी
पुलिस ने घटनास्थल व आरोपियों से निम्न सामान जब्त किए—
खून लगा पत्थर
खून लगा लकड़ी का डंडा/कुंदा
खून लगी कंकड़-मिट्टी
आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े
तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की गई है।
There is no ads to display, Please add some



















































