पटना: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान करीब आ रहा है, राजनीतिक हलचलें भी तेज हो गई हैं। इस बीच भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने जनसुराज पार्टी के संस्थापक और रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुलाकात की।
ज्योति सिंह ने मुलाकात के बाद मीडिया से कहा, “मैं यहां चुनाव लड़ने या टिकट मांगने नहीं आई हूं। मैं यह सुनिश्चित करना चाहती हूं कि किसी और महिला को मेरे जैसा अन्याय न सहना पड़े। मैं ऐसी महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं। चुनाव या टिकट पर कोई चर्चा नहीं हुई।”
प्रशांत किशोर ने भी कहा कि ज्योति सिंह यहां एक बिहारी और महिला के रूप में आईं। उन्होंने चुनाव या टिकट की कोई मांग नहीं की। ज्योति चाहती हैं कि उनके साथ जो अन्याय हुआ, वह किसी और महिला के साथ बिहार में न हो। उन्होंने जनसुराज से मदद मांगी, और उनका उद्देश्य सिर्फ सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है।
सोशल मीडिया पर करवा चौथ पोस्ट और ट्रोलिंग
करवा चौथ के मौके पर ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो साझा की, जिसमें वह हाथ जोड़कर खड़ी थीं। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “सभी माताओं और बहनों को करवा चौथ की शुभकामनाएं।”
हालांकि, इस पोस्ट पर पवन सिंह के फैंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने कड़ी टिप्पणियां की और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
इससे पहले पवन सिंह ने अपने निजी जीवन और तलाक के मामलों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि ज्योति सिंह के पिता चाहते हैं कि उनकी बेटी को विधायक बना दिया जाए। उन्होंने कहा, “मामला परिवार का है, इसलिए बातचीत कमरे में होती है, कैमरे पर नहीं।” पवन सिंह इमोशनल भी हुए और कहा, “मैं भी इंसान हूं। महिला के आंसू हर बात पर दिख जाते हैं, पर मर्द का दर्द नजर नहीं आता। हम अपना दर्द दिखाते नहीं।”
There is no ads to display, Please add some



















































