जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के आवास पर आयोजित 25वीं रामार्चा पूजा गुरुवार को विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुई। इस पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डी.बी. सुंदर रमण, कॉरपोरेट सर्विस के चीफ प्रणय सिन्हा, और लैंड डिपार्टमेंट के प्रमुख अमित सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भी पूजा स्थल पहुंचकर सरयू राय को शुभकामनाएं दीं।
पूजन की शुरुआत शांति पाठ एवं संकल्प से हुई। इसके उपरांत चार आवरणों में क्रमशः विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा सम्पन्न कराई गई।
प्रथम आवरण
कलश स्थापना, गणेश पूजन से लेकर महादेव, महाशक्ति, महालक्ष्मी, महालया, सर्वमातृका, वास्तुदेवता, नवग्रह, दशदिग्पाल सहित सभी प्रमुख देवताओं की पूजा की गई।
द्वितीय आवरण
अयोध्या जी से आरंभ कर सरयू जी, गंगादेवी, केसरी, सुशैण, जाम्बवंत, सुग्रीव, विभीषण जैसे प्रभु श्रीराम के प्रमुख सहयोगियों की पूजा हुई।
तृतीय आवरण
दशरथ, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, तथा हनुमान जी की सपत्नीक पूजा की गई।
चतुर्थ आवरण
राजा स्वरूप में श्रीराम चंद्र जी की सपत्नीक आराधना की गई। इस दौरान ‘हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे…’ महामंत्र का सामूहिक कीर्तन किया गया।
विशेष पूजन व्यवस्था, वैदिक ब्राह्मणों के सान्निध्य में हुआ आयोजन
पूजन कार्य बेगूसराय से पधारे गौरीशंकर ठाकुर के निर्देशन में विद्वान ब्राह्मणों—विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, धीरज पांडेय, घनश्याम मिश्रा आदि द्वारा सम्पन्न कराया गया। विधायक सरयू राय प्रमुख यजमान रहे। सहायक यजमानों में आकांक्षा नायर, अंशुल शरण, धर्मेंद्र तिवारी, सुनीता राय, पारुल सिंह आदि शामिल थे। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए साबुदाना खीर एवं नमक रहित टिकिया का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही चाय की सतत व्यवस्था रही। राहगीरों को भी चाय परोसी गई।
आयोजन के संयोजक आशुतोष राय ने जानकारी दी कि शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे से मिलानी हॉल, बिष्टुपुर में महाप्रसाद का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को हाथीकान पूड़ी, सब्जी, बुंदिया और चटनी परोसी जाएगी। इस आयोजन में न केवल झारखंड, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: ड्रॉपिंग लेन पर भी वसूली! रेलवे की मनमानी के खिलाफ गरजे कांग्रेस कार्यकर्ता
There is no ads to display, Please add some



















































