धनबाद: गर्मी के मौसम की दस्तक के साथ ही पेयजल की समस्या एक बार फिर से गंभीर हो गई है. ताजा मामला एगयारकुंड दक्षिण पंचायत का है, जहां ग्रामीणों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार को एगयारकुंड प्रखंड कार्यालय में पहुंचे ग्रामीणों ने इस विकराल समस्या को प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार के समक्ष रखा और जल संकट के समाधान की मांग की.
मुखिया के बीच विवाद, समाधान की उम्मीद
पेयजल समस्या पर चर्चा के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने एगयारकुंड उत्तर पंचायत की मुखिया काकुली मुखर्जी और एगयारकुंड दक्षिण पंचायत के मुखिया अजय राम को बैठक के लिए बुलाया. हालांकि, दोनों के बीच इस मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई. मुखिया अजय राम ने बताया कि उनकी पंचायत के लगभग 200 परिवारों को पीने के पानी के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है. उनका कहना है कि जलमीनार के बावजूद पानी केवल कुछ चुनिंदा घरों तक ही पहुंच रहा है.
जलमीनार का उपयोग न होने से बढ़ी परेशानी
अजय राम ने यह भी बताया कि यदि जलमीनार से पानी की आपूर्ति दोनों पंचायतों में समान रूप से हो, तो समस्या का समाधान हो सकता है. लेकिन, मुखिया काकुली मुखर्जी इस पर विरोध जता रही हैं. काकुली मुखर्जी ने कहा कि यदि पाइप में “भेल” (बेल) लगाया गया, तो उनके पंचायत को पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी, जैसा कि पहले भी हुआ था. उनका कहना था कि अगर इसे लागू किया गया, तो वह प्रखंड कार्यालय के सामने आत्मदाह तक करेंगी.
पेयजल विभाग का रुख
पेयजल विभाग के अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि दक्षिण पंचायत के जलमीनार की क्षमता 5000 लीटर है और इसे प्रतिदिन तीन बार भरा जा सकता है. इसका उपयोग उत्तर पंचायत के लिए दो बार और दक्षिण पंचायत के लिए एक बार किया जा सकता है. विभाग के अनुसार, “भेल” लगाने से कोई समस्या नहीं होगी, लेकिन काकुली मुखर्जी इस पर राजी नहीं हैं.
जल मीनार के निर्माण में समय की समस्या
पेयजल विभाग ने यह भी बताया कि नया जलमीनार स्वीकृत हो चुका है, लेकिन इसके निर्माण में लगभग दो वर्ष का समय लग सकता है. इस बीच, यदि दोनों मुखिया इस मुद्दे का समाधान नहीं करते, तो ग्रामीणों को जल संकट का सामना करना पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें : West Singhbhum: सेल गुवा अयस्क खान के कर्मियों का सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह, CGM कमल भास्कर ने दी – दो कर्मियों को विदाई

















































