देवघर: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजानी नर्सरी के पास साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये ठग अपने ठगी के तरीकों में ग्राहकों को कैशबैक का झांसा देकर ठगने का काम करते थे. गिरफ्तार ठगों के पास से आठ मोबाइल फोन और 18 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनमें से तीन सिम कार्ड पर पहले से प्रतिबंधित एप्लिकेशन की शिकायतें दर्ज हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अरबाज अंसारी और शहबाज अंसारी (दोनों बेदगावां, पालोजोरी), कपिल दास (सिमरातरी, पाथरोल), राजेश मंडल (केंदुआटांड़, मारगोमुंडा), सचिन मंडल (ठेंगाडीह, पाथरोल), वारिश अख्तर, फैयाज अंसारी (बरमतरा, सारवां), और बबलू दास (सिमरातरी, पथरड्डा) शामिल हैं.
कैशबैक का झांसा देकर ठगी
इन साइबर ठगों का तरीका था कि वे बैंक ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए फ्रॉड लिंक भेजकर उनके खाते से ऑनलाइन ठगी करते थे. इसके अलावा, ये ठग फोन-पे, पेटीएम, और कस्टमर केयर के पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे और फोन-पे गिफ्ट कार्ड के जरिए ठगी की वारदात को अंजाम देते थे. इस गैंग के बारे में सूचना मिलने के बाद एसपी सह डीआईजी अजीत पीटर डुंगडुंग ने साइबर थाने के इंस्पेक्टर राकेश कुमार और दारोगा अजय कुमार की टीम गठित की. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करके इन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए.
इसे भी पढ़ें : Deoghar: प्रेस क्लब देवघर में होली की मस्ती, पत्रकारों ने लगाए ठुमके


















































