गम्हरिया: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड से सटे शिवनारायणपुर स्थित नव प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया. हालांकि चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके, लेकिन विद्यालय के भीतर पंखे की स्थिति क्षतिग्रस्त पाई गई.
विद्यालय की एचएम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह जब शिक्षिका और बच्चे स्कूल पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर पाया गया कि छत का पंखा तोड़ा गया है. हालांकि विद्यालय से कोई भी सामग्री गायब नहीं पाई गई.
विद्यालय प्रबंधन की ओर से आदित्यपुर थाना में लिखित सूचना देकर पूरे मामले से अवगत कराया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि शिवनारायणपुर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. इससे न सिर्फ घरों बल्कि शैक्षणिक संस्थानों तक को निशाना बनाया जा रहा है. लोगों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है और वे पुलिस से सघन गश्ती की मांग कर रहे हैं.